जंतर-मंतर मार्च के दौरान AISA अध्यक्ष नेहा बोरा हिरासत में, रिहाई के बाद भी गरमाया विवाद
दिल्ली में रविवार को जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के बीच AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में मार्च कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। AISA ने आरोप लगाया कि नेहा बोरा को बिना नंबर वाली निजी गाड़ी में ले जाया गया और उनके साथ महिला पुलिसकर्मी नहीं थीं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें सरकारी वाहन से महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ले जाया गया।
बाद में नेहा बोरा को नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने से रिहा कर दिया गया। AISA ने दावा किया कि रिहाई के समय उनका मोबाइल और बैग उनके पास नहीं था। मामले को लेकर संगठन ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।