भोजपुर में भीषण हादसा: पुल की रेलिंग तोड़ 30 फीट नीचे बनास नदी में गिरी 18 चक्का हाइवा
भोजपुर जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीरो की ओर से आ रही 18 चक्का हाइवा अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे बनास नदी में जा गिरी। हादसे में चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि सुबह के समय हाइवा चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद हाइवा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव में मदद की तथा घायल चालक और सहचालक को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल की रेलिंग कमजोर है और पुल भी काफी संकरा है। इसके कारण एक समय में एक ही तरफ से वाहन गुजर पाते हैं। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं होती रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त पुल पर राहगीरों की भीड़ नहीं थी, वरना दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से पुल की रेलिंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है