गौ सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण को लेकर हनुमान नगर में बैठक
जयपुर पहुंचने का किया आह्वान
सलोनी की कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र
भीलवाड़ा : राजकुमार गोयल,24 नवंबर गौ सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण के तहत आगामी 17 दिसंबर 2026 को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम 51 करोड़ हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र सौंपने की तैयारियों एवं जनजागरण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पांसल रोड स्थित हनुमान नगर में वंदना शर्मा के आवास पर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में टेकरी के बालाजी के महंत श्री बनवारी शरण जी (काठिया बाबा), भीलवाड़ा विधायक एवं गौ माता के लाल अशोक कुमार कोठारी तथा विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने उपस्थित क्षेत्रवासियों से अभियान के उद्देश्य और मांगों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। सभी नागरिक 17 दिसंबर को जयपुर अधिकाधिक संख्या में पहुंचें तथा अभियान के समर्थन में प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कर इस जनअभियान को मजबूती प्रदान करें।
बैठक के दौरान महंत बनवारी शरण जी काठिया बाबा, विधायक अशोक कुमार कोठारी ने वंदना शर्मा की पुत्री सलोनी (रानी) शर्मा द्वारा अपने घर की दीवार पर उकेरी गई अद्भुत पारंपरिक कलाकृति का भी अवलोकन किया और उसकी मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
पांसल रोड स्थित हनुमान नगर निवासी सलोनी ने अपने घर की ईंटों वाली दीवार को पारंपरिक लोककला के माध्यम से सुंदर धार्मिक स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने सर्वप्रथम दीवार को पीली मिट्टी से लीपकर तैयार किया और उसके बाद सफेद खड़ी से लगभग 7 फीट लंबा एवं 11 फीट चौड़ा भव्य कल्पवृक्ष मांडणा बनाया। इस आकर्षक मांडणे में कल्पवृक्ष के नीचे विराजित राधा-कृष्ण का मनोहारी चित्र उकेरा गया है।
सलोनी की इस अनूठी कलाकृति को देखने के लिए मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं। उनकी मेहनत, रचनात्मकता और पारंपरिक कला के प्रति समर्पण की सभी सराहना कर रहे हैं।
सलोनी का कहना है कि यह कला हमारी दादी-नानी की धरोहर है। वह नहीं चाहतीं कि हमारी यह प्राचीन लोककला समय के साथ विलुप्त हो जाए। उनका मानना है कि जिस प्रकार भगवान बुद्ध ने वटवृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त किया, उसी प्रकार कल्पवृक्ष के नीचे विराजित राधा-कृष्ण का चित्र अनंत प्रेम, सत्य और विश्वास का संदेश देता है।
बैठक का संचालन विधायक कार्यालय प्रभारी बाबू लाल टाक ने किया।
इस अवसर पर विधायक कार्यालय से गोविंद पुरोहित, दिलीप सोनी, अजय पाराशर, महेंद्र प्रजापत सहित हनुमान नगर की संतोष देवी, कौशल्या देवी, पिंटू सेन, महावीर सिंह, राजेश सेन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।