भरमौर में 11 सितंबर को लगेगा विशाल मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप
एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, निःशुल्क जांच और दवाइयों की भी सुविधा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 9 सितंबर।
सिविल अस्पताल भरमौर में 11 सितंबर 2026 को क्षेत्रवासियों के लिए एक दिवसीय विशाल मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) भरमौर डॉ. दीपेश ने बताया कि शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, सामान्य सर्जन, त्वचा रोग विशेषज्ञ, एमडी मेडिसिन तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों के लिए निःशुल्क लैब टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जांच के बाद चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बीएमओ डॉ. दीपेश ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं से अपील की है कि वे 11 सितंबर को सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचकर इस विशेष चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं और समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।