सचिन ठाकुर का खुंदेल के बतोट में युवा संवाद, ग्रामीणों की समस्याओं और विकास पर हुआ मंथन
युवाओं व प्रबुद्धजनों ने रखे सुझाव, प्राथमिकता के आधार पर मुद्दों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो धरवाला
ग्राम पंचायत खुंदेल के गांव बतोट में युवा संवाद कार्यक्रम के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत के युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
यह युवा संवाद कार्यक्रम एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर के दिशा-निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने पंचायत में वर्तमान में पेश आ रही समस्याओं, विकास कार्यों की स्थिति तथा भविष्य में आवश्यक कार्यों को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि पंचायतवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और किन विषयों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित स्तर पर उठाने की आवश्यकता है। इसके अलावा आने वाले समय में क्षेत्र के सामने आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान लतीफ, उपप्रधान कुशल, पूर्व प्रधान पवन, कुल पुरोहित पंडितू राम सहित पंचायत के अन्य गणमान्य लोग और युवा साथी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सचिन ठाकुर ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सुनना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में इस तरह के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों की बात को समझकर क्षेत्रहित से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सुझावों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक के दौरान युवाओं ने भी क्षेत्र के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।