मणिमहेश यात्रा में बढ़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, एक दिन में 3100 से ज्यादा रवाना।
हड़सर से 2800 ने पैदल पकड़ा कैलाश का रास्ता, हेलीकॉप्टर से 293 श्रद्धालु गौरीकुंड पहुंचे।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 10 सितंबर।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान पवित्र मणिमहेश धाम और कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। वीरवार को हड़सर, भरमौर और होली से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए।
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि वीरवार को शाम छह बजे तक हड़सर से करीब 2800 श्रद्धालु पैदल यात्रा मार्ग से मणिमहेश धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु निर्धारित पैदल मार्ग से होते हुए पवित्र डल झील और कैलाश के दर्शन के लिए आगे बढ़े।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से हेली टैक्सी सेवा भी लगातार संचालित की जा रही है। वीरवार को भरमौर से गौरीकुंड के बीच हेली टैक्सी की 55 उड़ानें संचालित हुईं। इनके माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड के लिए 293 श्रद्धालुओं ने हवाई सेवा का लाभ लिया, जबकि गौरीकुंड से भरमौर के लिए करीब 288 श्रद्धालुओं ने वापसी की।
वहीं, होली से मणिमहेश वाया कलाह पैदल यात्रा मार्ग से भी श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। एसडीएम ने बताया कि शाम चार बजे तक इस मार्ग से 24 श्रद्धालु मणिमहेश धाम की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
प्रशासन द्वारा पैदल एवं हेली मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।