लखीसराय संग्रहालय में निबंध प्रतियोगिता, बारिश के बीच भी विद्यार्थियों का दिखा उत्साह
विश्व विरासत सप्ताह पर आयोजित प्रतियोगिता में पांच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, विजेता 25 नवंबर को होंगे सम्मानित
लखीसराय। विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर शनिवार को लखीसराय संग्रहालय में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच ‘विरासत का महत्व एवं हमारी भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के पांच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार, तकनीकी सहायक राजेश कुमार एवं राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत के महत्व से परिचित कराने के साथ उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में विद्या भवन बालिका विद्यापीठ के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मध्य विद्यालय बालगुदर के संतोष कुमार द्वितीय तथा बालिका विद्यापीठ के अमर कुमार एवं सृष्टि शिखा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, मध्य विद्यालय इंग्लिश के सुधांशु कुमार ने चतुर्थ और मध्य विद्यालय बालगुदर की तन्नु कुमारी ने पंचम स्थान प्राप्त किया।