सेवा की मिसाल: गौसेवा और पौधारोपण के साथ मनाया जन्मदिन
थाना प्रभारी बालकृष्ण शर्मा व हेड कांस्टेबल विकास मीणा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
असलम रंगरेज | काछोला
काछोला। सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए काछोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बालकृष्ण शर्मा एवं हेड कांस्टेबल विकास मीणा का जन्मदिन गौसेवा एवं पौधारोपण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिन को महज उत्सव तक सीमित रखने के बजाय गौसेवा, पौधारोपण और जनसेवा जैसे सामाजिक कार्यों से जोड़ना सराहनीय पहल है। पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य के तहत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सहभागिता करें तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी बालकृष्ण शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा विधानसभा सहसंयोजक संदीप सोनी, भेरूलाल मंत्री, शंकर सिंह कनावत, योगेश मालू, दिनेश जेथलिया, गोपाल मंत्री, ज्वाला प्रसाद, कृष्णा सोनी, बद्रीलाल गुर्जर एवं शंकर गुर्जर सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने उपनिरीक्षक बालकृष्ण शर्मा एवं हेड कांस्टेबल विकास मीणा को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।