जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्योपुर द्वारा भव्य सांस्कृतिक संध्या उल्लासः एक अभिनव प्रयोग का समापन समारोह आयोजित
----
माननीय मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्योपुर द्वारा 1 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक आयोजित उल्लासः एक अभिनव प्रयोग का भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं समापन समारोह निषादराज भवन, जिला पंचायत परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया था।
इस अनूठे और गरिमामयी कार्यक्रम की सबसे प्रमुख विशेषता यह रही कि इसमें न्यायालय के माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष माननीय विशेष न्यायाधीश अन्य सम्मानित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण तथा कर्मचारीगण ने एक साथ मिलकर सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री बीएल प्रजापति एवं मंच पर आसीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम का वादन किया गया।
ज़िला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री अंकिता शांडिल्य द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज (जूनियर डिविजन) सुश्री भव्या गुप्ता एवं उपाध्यक्ष अधिवक्ता संघ श्री राकेश सिंह जाट द्वारा किया गया।
रंगारंग प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता, वाद्ययंत्र प्रतियोगिता, एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के पश्चात गत 1 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे क्विज, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन एवं सांस्कृतिक संध्या दौरान प्रतियोगिताओं में विजेताओं को अतिथियों द्वारा शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों के विचार एवं मार्गदर्शन
पुरस्कार वितरण के उपरांत उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार साझा किए और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री बीएल प्रजापति ने अपने मुख्य संबोधन में कार्यक्रम की सफलता और सभी के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके अलावा विशेष न्यायाधीश श्री सुशील कुमार, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री ओ.पी. गुप्ता, यूनियन बैंक के प्रबंधक श्री सतीश चंद्र नागर तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह का समापन -कार्यक्रम के अंत में सचिव ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वर्षा सूर्यवंशी मजूमदार द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
2 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 10, 2026