रामेश्वर मेला 24 नवंबर से, एडीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
-----
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामेश्वर त्रिवेणी संगम पर 24 नवंबर से लगने वाले मेले में व्यवस्थाओं को लेकर आज अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय द्वारा मेला स्थल पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री मेघा तिवारी, तहसीलदार श्री दीपेश धाकड सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने त्रिवेणी संगम में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बडी संख्या में श्रद्धालुओ के पवित्र स्नान को दृष्टिगत रखते हुए घाट पर सुरक्षा के लिये किये गये पर्याप्त प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होने घाटो पर की गई बेरीकेटिंग तथा स्नान के संबंध में की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दियें।
एसडीआरएफ की टीमें भी नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहेगी। नदी पर बोट से लगातार पेट्रोलिंग की जायेंगी।एसडीआरएफ की टीम सभी सुरक्षा उपकरणों लाईफ जैकेट, लाइफ बॉय, रस्सी, टार्च तथा इमरजेन्सी लाइट आदि के साथ नियुक्त रहेगी। इसके साथ ही उन्होने मेला स्थल पर पार्किग तथा प्रकाश व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान वन विभाग चंबल घडियाल सेंचुरी के स्टॉफ की मेले के दौरान घाटों पर उपस्थिति के निर्देश दिये गये।
उन्होने निर्देश दिये कि पेयजल के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाये तथा आसपास की पंचायतो के टेंकरो को पेयजल के लिए उपलब्ध कराया जायें। इसके साथ ही मेला स्थल पर फायर ब्रिगेड भी रखी जायें। इस दौरान उन्होने नौका संचालन करने वालो को निर्देश दिये कि यात्रियों को बगैर लाइफ जैकेट पहनाये नाव में सवार नही किया जायें। इसके साथ ही नाव में सुरक्षा के अन्य उपाय जैसे रस्सी, ट्यूब आदि भी उपलब्ध रखे जायें। क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव में नही बैठाया जायें। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम से राजस्थान क्षेत्र में स्थित चतुर्भुज नाथ मंदिर के लिए नाव से जाने वाले यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाकर ही नाव में ले जाया जायें। उन्होंने मेला अधिकारी एवं सहायक मेला अधिकारी को निर्देश दिये कि मेले के प्रवेश द्वार से घाट स्थल तक के मार्ग में पर्याप्त चौडाई रखी जायें। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सडक किनारे झाडियों की सफाई कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले की तहसील श्योपुर के ग्राम मानपुर के समीप स्थित रामेश्वर त्रिवेणी संगम की मान्यता एक तीर्थ के रूप में है। यहाँ राजस्थान एवं म.प्र. से बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान करने एवं दर्शनार्थ आते है।
यहाँ चम्बल, बनास एवं सीप नदी का संगम है। नदी के म.प्र. की ओर में रामेश्वर तीर्थ तथा दूसरी ओर राजस्थान में चतुर्भुजनाथ का मंदिर है। म.प्र. में लगने वाले रामेश्वर त्रिवेणी संगम मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी में पवित्र स्नान के पश्चात पहले रामेश्वरनाथ के दर्शन करते है तदपरांत नदी पार कर राजस्थान के चतुर्भुजनाथ जी के दर्शन करने जाते है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026