माहेश्वरी महिला संगठन की बैठक मांडल में आयोजित, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
महेश कुमार बिड़ला | संवाददाता, मांडल (भीलवाड़ा)
मांडल। माहेश्वरी महिला संगठन के अष्टम सत्र की बैठक, कार्य समिति एवं कार्यकारिणी की बैठक मांडल में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न तहसीलों से अध्यक्ष, सचिव एवं संगठन की पदाधिकारी उपस्थित रहीं। मांडल अध्यक्ष सुधा बिरला ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला संयुक्त मंत्री आशा पटवारी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, महिला सहभागिता एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज और संगठन को नई दिशा एवं मजबूती मिलती है।
बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता जी, प्रदेश अध्यक्ष सीमा जी कोगटा, जिलाध्यक्ष भारती जी बाहेती, जिला सचिव निशा जी काखाणी एवं जिला कोषाध्यक्ष दिव्या जी काल्या सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता जी ने समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक विकास एवं संगठन की मजबूती के लिए महिलाओं को सक्रिय रूप से कार्य करना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष सीमा जी कोगटा ने सभी सदस्यों से बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा अधिक से अधिक सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष दिव्या जी काल्या ने संगठन के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। वहीं संगठन मंत्री ने संगठनात्मक रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर
परिवार प्रबोधन समिति के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 'रिश्तों की रोशनी' कार्यक्रम के अंतर्गत गंगापुर ने प्रथम, भीलवाड़ा ने द्वितीय तथा मांडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बैठक में स्वावलंबन एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाट बाजार भी लगाया गया। इसमें महिलाओं द्वारा तैयार एवं उपलब्ध कराई गई विभिन्न वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
अंत में पावरल सचिव आरती बिरला ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया