सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण - कलेक्टर श्री वानखड़े
स्वामित्व योजना के कार्य में उदासीनता वरतने वाले पटवारियों को निलंबित करने के दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, जनविश्वास अभियान, राजस्व प्रकरणों, अतिक्रमण हटाने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर श्री वानखड़े ने सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत यदि किसी प्रकरण का निराकरण लगातार नहीं हो रहा है और दो से अधिक बार ऐसी स्थिति निर्मित होती है, तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाए।
रतनगढ़ माता मंदिर के सामने अगले सप्ताह से शुरू होगा पुनर्निर्माण कार्य
बैठक में रतनगढ़ माता मंदिर के सामने प्रस्तावित पुनर्निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आगामी सप्ताह तक कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में लाएं तेजी
कलेक्टर ने जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। संबंधित अधिकारी अतिक्रमण के मामलों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराएं।
जनविश्वास शिविर के प्रकरणों की समीक्षा, आगामी शिविर सोनागिर में
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी जनकल्याण शिविर सोनागिर में आयोजित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को शिविर में समय पर उपस्थित रहने, क्षेत्र का भ्रमण करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दो प्रकरण समय-सीमा के बाहर पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने एएनसी पंजीकृत महिलाओं की समग्र आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अवमानना प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित रिट याचिकाओं में समय पर जवाब प्रस्तुत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि न्यायालयीन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके।
स्वामित्व योजना के कार्य में उदासीनता पर पटवारियों के विरुद्ध होगी कार्यवाही
स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वानखड़े ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि योजना के कार्य में उदासीनता बरतने वाले पटवारियों को नोटिस जारी कर निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित करें। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर नियमित रूप से राजस्व न्यायालय लगाएं
कलेक्टर ने आरसीएमएस के अंतर्गत बंटवारा, नामांतरण, नाम सुधार, नक्शा सुधार एवं रकबा सुधार सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने राजस्व न्यायालयों में नियमित रूप से बैठकर प्रकरणों की सुनवाई करने तथा निराकरण की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, सीईओ जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#datia #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #दतिया #MadhyaPradesh
Datia, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026