प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
.................................................
जिलाधिकारी की जन-सुनवाई में 33 फरियादियों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन का निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा), 23 नवंबर 2026 : आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान तथा पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, नालंदा श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 33 फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
जन-सुनवाई के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के पांच माह के बकाया भुगतान एवं पेंशन पुनः चालू कराने, जमीन पर जबरन कब्जा कर जोतने, आम गैरमजरूआ जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करने, बालू के अवैध खनन, सहयोग पोर्टल पर आवेदन के बावजूद जमाबंदी कायम नहीं करने, बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा पति द्वारा साथ नहीं रखने से संबंधित पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।
इस क्रम में पेंशन से संबंधित शिकायतों के निष्पादन हेतु सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जमीन पर जबरन कब्जा कर जोतने से संबंधित मामलों में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ को संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
आम गैरमजरूआ जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण से संबंधित शिकायतों के निष्पादन हेतु अपर समाहर्ता, नालंदा को निर्देशित किया गया।
बालू के अवैध खनन से संबंधित शिकायतों के निवारण हेतु जिला खनन पदाधिकारी, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, सहयोग पोर्टल पर आवेदन के बावजूद जमाबंदी कायम नहीं करने से संबंधित मामले में अंचल अधिकारी, कतरीसराय को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पारिवारिक विवाद एवं पति द्वारा साथ नहीं रखने से संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु जिला परियोजना प्रबंधक, महिला विकास निगम, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, बच्चों के विद्यालय में नामांकन से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा को निर्देशित किया गया।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Mines & Geology Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Nov 23, 2026