खनिज विभाग के प्रमुख सचिव श्री पोरवाल तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने देवनगर में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का किया निरीक्षण
––––
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आज खनिज विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक कुमार पोरवाल तथा कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा गैरतगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत देवनगर में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसपी श्री आशुतोष गुप्ता भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव श्री पोरवाल तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने भवन के विभिन्न कक्षों, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं तथा आवश्यक संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव श्री पोरवाल तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, प्रसूति कक्ष, जांच कक्ष, दवा वितरण केंद्र, चिकित्सक कक्ष, स्टाफ रूम सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सकीय उपकरणों, दवाइयों, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली।
उन्होंने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, बीएमओ डॉ संदीप यादव तथा डॉक्टर्स से कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित की जाएं और यहां आने वाले मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आसपास के गांवों के लोगों को सामान्य उपचार, जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाया जाए।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen
1 views | Raisen, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026