सगौनी बीट अंतर्गत हिनौती खेतसिंह में खेत से सड़क पर आया छह फीट लंबा मगरमच्छ, रस्सियों से छूटा तो मची अफरा-तफरी
वन अमले ने किया रेस्क्यू, दो लोग हुए घायल, सिंगौरगढ़ जलाशय में छोड़ा गया
दमोह। नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौती खेत सिंह में बुधवार सुबह खेत से निकलकर करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ सड़क किनारे पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर वन विभाग की सागोनी परिक्षेत्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से रस्सियों के जरिए मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अचानक पकड़ से छूट गया। दोबारा रेस्क्यू के दौरान ग्रामीण अज्जू खान और फॉरेस्ट चौकीदार अट्ठी सिंह की उंगलियों में चोट लग गई। दोनों को स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। पशु चिकित्सक डॉ. डीएस लोधी ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद मगरमच्छ को सिंगौरगढ़ जलाशय में सुरक्षित छोड़ा गया।
Damoh, Damoh | Sep 24, 2026