विवादित प्लॉट पर रातों-रात बाउंड्री बनाने पर हड़कंप, चले लात-घूंसे; डायल 112 ने रुकवाया काम
शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र के बाला तिराही इलाके में एक विवादित प्लॉट को लेकर रात के अंधेरे में निर्माण कार्य शुरू कराए जाने पर भारी हंगामा हो गया। कोर्ट में मुकदमे के विचाराधीन होने के बावजूद रात में बाउंड्री वॉल उठाए जाने से दूसरा पक्ष आक्रोशित हो उठा, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और लात-घूंसे चले।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित श्याम लाल के परिवार का आरोप है कि कोर्ट में मुकदमा होने के बाद भी दूसरे पक्ष ने रातों-रात प्लॉट की बाउंड्री उठाना शुरू कर दिया। इस पर पीड़ित पक्ष के लोगों ने बाउंड्री गिराना शुरू कर दिया, जिससे बात बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प के साथ लात-घूंसे चलने लगे।
पुलिस ने रुकवाया काम, दोनों पक्षों को थाने बुलाया
हंगामे और मारपीट की स्थिति देख मोहल्ले वालों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और बाउंड्री बनाने का काम तुरंत रुकवा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को कार्रवाई के लिए थाने बुलाया है।
Hardoi, Hardoi | Sep 20, 2026