समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 25 नवंबर 2026
आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को श्री राजेश कुमार, प्रेक्षक निर्वाचक सूची-सह-आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना की अध्यक्षता में अहर्ता तिथि 01.01.2027 के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत डुमराँव अनुमंडल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बक्सर जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचक सूची में छूटे हुए एवं अर्हता प्राप्त सभी नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला एवं कमजोर वर्ग के पात्र नागरिकों को निर्वाचक सूची से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान आयुक्त महोदय के प्रमुख निर्देश:-
1. निर्वाचक सूची में छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
2. निर्वाचक सूची में लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार एवं वृद्धि सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
3. दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित निर्वाचकों का बीएलओ के माध्यम से भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार नाम विलोपन एवं प्रविष्टियों में सुधार की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
4. जिले के सभी महाविद्यालयों एवं 10+2 विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
5. स्वीप गतिविधियों के माध्यम से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा इसमें जिला आइकॉन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
6. आम नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के प्रति जागरूक करने हेतु वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं भारत निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
7. दावा एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त आवेदनों का बीएलओ ऐप के माध्यम से ससमय डिजिटाइजेशन एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
8. बैठक में उपस्थित बीएलओ से दावा एवं आपत्ति से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया गया कि वे अपने मतदान केंद्र के अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों से पंजीकरण हेतु निर्धारित प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें। साथ ही अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपन एवं निर्वाचक सूची में किसी प्रकार की त्रुटि के सुधार हेतु नियमानुसार निर्धारित प्रपत्र प्राप्त कर बीएलओ ऐप के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करें।
बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। आयुक्त महोदय ने सभी राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से संबंधित बीएलओ को सहयोग प्रदान करने तथा सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि निर्वाचक सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
आयुक्त महोदय ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का निर्वाचक सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा अपात्र निर्वाचकों के नाम नियमानुसार हटाना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनीतिक दलों से अपील की कि दावा एवं आपत्ति की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 तक सभी अर्हता प्राप्त नागरिकों का निर्वाचक सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने में सक्रिय सहयोग करें।
उक्त बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, बक्सर, उप विकास आयुक्त, बक्सर, सहायक समाहर्ता बक्सर, अपर समाहर्ता, बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी, बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव, भूमि सुधार उप समाहर्ता-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से दो-दो बीएलओ उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर Chief Electoral Officer, Bihar Election Commission of India #IPRDBihar #bihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila
Buxar, Bihar | Nov 25, 2026