न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन
विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत विधिक जागरूकता मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने 15 नवंबर को प्रातः 10 बजे जिला न्यायालय परिसर से मैराथन एवं वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला न्यायाधीश श्री अग्रवाल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह एवं अन्य न्यायाधीशों एवं प्रतिभागियों के साथ वॉकथॉन में सहभागिता की। इस दौरान ‘न्याय तक पहुंच सबके लिए’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
मैराथन एवं वॉकथॉन जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट रोड, आदिम जाति कल्याण विभाग तिराहा, बस स्टैंड, गाड़ी अड्डा, आनंद डेयरी चौराहा, कोतवाली चौराहा, इंग्लिशपुरा, भोपाल नाका एवं पीजी कॉलेज होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैरालीगल वॉलंटियर्स, न्यायालय एवं विधिक सेवा के कर्मचारियों के साथ श्री सत्य साईं विश्वविद्यालय, आर्यावर्त विश्वविद्यालय एवं आवासीय खेल परिसर के विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन के साथ प्रचार रथ एवं स्लोगन के माध्यम से विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई गई।
कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मंडलोई, विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, प्रथम जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृतासिंह ठाकुर, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री एम.के. वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती विनीता गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती स्वप्नश्री सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore