इस हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 400 से 500 इनकमिंग कॉल आती थीं। इनमें लोग बीमारी के शुरुआती लक्षण, प्राथमिक उपचार, दवाओं के सामान्य उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर सलाह लेते थे। काल सेंटर की टीम प्रतिदिन करीब 2000 आउटगोइंग कॉल भी करती थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रोगियों का फॉलोअप लिया जाता था। कुल मिलाकर रोजाना करीब 2500 से अधिक लोगों से स्वास्थ्य संबंधी संवाद होता था। अब यह पूरी व्यवस्था बंद है।
जेन प्लस कंपनी 2022 से 104 आरोग्य सेवा का संचालन कर रही थी। अनुबंध अक्टूबर 2025 में समाप्त हुआ। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कंपनी को काम जारी रखने के लिए मौखिक रूप से कहा, लेकिन नया लिखित एक्सटेंशन नहीं दिया गया। कंपनी को पिछले कई महीनों से भुगतान भी नहीं मिला। बजट और अनुबंध विस्तार की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण कंपनी ने संचालन बंद कर दिया। जून में ही कंपनी ने कर्मचारियों को क्लोजर लेटर जारी कर दिया था। इसके बाद से सेवा पूरी तरह ठप है।