चार्ज अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के लिए दिए जरूरी निर्देश
- समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य
भिवानी, 24 अगस्त। सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिला जनगणना अधिकारी भागीरथ कौशिक ने की। इस दौरान जनगणना जिला कोऑर्डिनेटर सन्नी बल्हारा ने जिले के सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कोऑर्डिनेटर सन्नी बल्हारा ने जनगणना के द्वितीय चरण के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कार्यों, तैयारियों और निर्धारित प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हित का कार्य है, इसलिए इसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में जिले के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, नगर परिषद भिवानी के कार्यकारी अधिकारी, नगर पालिकाओं के सचिव, चार्ज क्लर्क तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों और कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा अपने दायित्वों के संबंध में दिशा-निर्देश लिए।
****************ञ *********ञ