भिवानी जिलाधीश ने सफाई व्यवस्था में अवरोध बनने पर,निपटने के लिए 6 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए...
शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा से निपटने के लिए जिलाधीश साहिल गुप्ता भिवानी ने छह अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। जिलाधीश ने ये ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएमसी हरबीर सिंह के निवेदन पर नियुक्त किए हैं।
जारी आदेशानुसार डीएमसी हरबीर सिंह ने जिलाधीश को जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा छह अगस्त से हड़ताल किए जाने के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस दौरान डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली एजेंसी द्वारा सेकेंडरी प्वाइंट से कचरा उठाने तथा घरों से डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने के दौरान सफाई कर्मचारियों द्वारा अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत सामने आई है। यहां तक कि 24 अगस्त को सफाई कर्मचारियों द्वारा नगर परिषद कार्यालय में भी कचरा डाल दिया गया, जिसके कारण अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय में कार्य करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। साथ ही संबंधित कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल उपलब्ध करवाने के लिए भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया गया है।