सीजेएम पवन कुमार ने सेफ हाउस व सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण
भिवानी, 24 अगस्त। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह के निर्देशानुसार प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम पवन कुमार ने पुलिस लाइन परिसर स्थित सेफ हाउस तथा सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने सेफ हाउस में साफ-सफाई, रहन-सहन, पीने के पानी, भोजनालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां रह रहे युगल जोड़ों से बातचीत कर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी एवं अन्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीजेएम पवन कुमार ने सेफ हाउस के इंचार्ज को निर्देश दिए कि यहां रहने वाले लोगों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाई जाए तथा उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सेफ हाउस में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर सेफ हाउस का स्टाफ मौजूद रहा।
इसके बाद सीजेएम पवन कुमार ने सखी वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य सेंटर में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेना तथा उन्हें और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। इस दौरान सेंटर के प्रबंधकों ने सीजेएम को संस्थान की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं तथा महिलाओं को प्रदान की जा रही सहायता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
सीजेएम पवन कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर आवश्यक सहायता, कानूनी मार्गदर्शन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संस्थान में स्वच्छता, सुरक्षा तथा बेहतर वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।