शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने के बाद ही अधिकारी एटीआर को पोर्टल पर करें अपलोड: डीएमसी
- समाधान शिविर में सीवर, फॉगिंग, फैमिली आईडी और अन्य समस्याओं पर हुई सुनवाई
भिवानी, 24 अगस्त। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर आयोजित हुआ। समाधान शिविर की अध्यक्षता जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने की। उन्होंने नागरिकों द्वारा रखी गई सीवरेज जाम, फॉगिंग, फैमिली आईडी आदि समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी दें और उसके बाद ही एटीआर पोर्टल पर अपलोड करें।
डीएमसी हरबीर सिंह के समक्ष गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग और मच्छररोधी दवा के छिडक़ाव करवाने की समस्या रखी। इसी प्रकार से विद्या नगर से गुरमेल सिंह ने बिजली मीटर कनेक्शन स्थानांतरण करवाने, सुनील ने दिव्यांगता पेंशन व गांव बड़वा निवासी नथुराम ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने, गांव मिताथल निवासी कृष्ण ने चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से बीएससी सत्र 2021-2024 का लंबित अंतिम परिणाम शीघ्र घोषित करवाने, न्यू भारत नगर निवासी राजेंद्र सिंह व ढ़ाणा रोड़ से भगवान दास कालिया ने सीवरेज सफाई करवाने, गांव रुडक़ी निवासी सदाराम ने मुआवजे की नकल विवरण दिवाने, गांव सिवाड़ा निवासी अनिल ने सोलर प्लेट चोरी होने पर पुलिस कार्रवाई करवाने तथा गांव रोहनात निवासी सतबीर ने बैंक में खाता न खोले जाने संबंधी शिकायत रखी।
इसी प्रकार से डीएमसी के समक्ष गांव जाटू लोहारी निवासी रिसालदार मेजर सुभाष चंद्र ने मंढ़ाणा रोड़ पर जमा बारिश के पानी की निकासी करवाने, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 21-26 में सीवर ब्लॉकेज की सफाई करवाने तथा धीराणा माजरा निवासी सुमन, तोशाम निवासी सरोज, निकिता व हरियावास निवासी नवीन ने पीपीपी को दुरूस्त करवाने की शिकायत रखी।
डीएमसी हरबीर सिंह ने सभी शिकायतों को गौर से सुना। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान करना है, इसलिए अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी के अलावा गैर-सरकारी सदस्य अजीत शेखावत, नरेंद्र ग्रेवाल और रामकिशन हलवासिया भी उपस्थित रहे।
**************** ***********