चोरी रोकने के लिए उमरावत में हर चौक-चौराहे पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
-विकास मंच ने उठाया बीड़ा, 50 लाइटों के बाद वाईफाई कैमरे लगाने की भी योजना
भिवानी, 24 अगस्त। गांव उमरावत में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विकास मंच उमरावत ने अनूठी पहल शुरू की है। मंच ने गांव के प्रत्येक चौक-चौराहे पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का बीड़ा उठाया है। यह कार्य विकास मंच के प्रधान विनोद कुमार की देखरेख में किया जा रहा है।
विकास मंच की ओर से गांव में करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। एक स्ट्रीट लाइट की कीमत करीब 1750 रुपये है। जरूरत पडऩे पर स्ट्रीट लाइटों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। लाइटें लगने से रात के समय गांव के चौक-चौराहों पर पर्याप्त रोशनी रहेगी, जिससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
वाईफाई कैमरों के साथ विकास कार्यों पर भी रहेगा जोर
विकास मंच के सदस्यों ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें लगाने के बाद गांव में वाईफाई कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा मंच की ओर से गांव में पेयजल और सिंचाई के पानी की समस्या के समाधान के लिए भी पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। गांव की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाया जाएगा।
रामनिवास कौशिक, लीलूराम कौशिक और सत्यवान फौजी ने कहा कि गांव की सुरक्षा और विकास के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। विकास मंच गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
बैठक में रामनिवास कौशिक, लीलूराम, पंकज, ललित, सुरेश कुमार, सत्यवान फौजी, सोमबीर, दिनेश, संदीप कुमार, मुकेश, अधिवक्ता नवीन, नंदा, मीनू, हरिओम, धर्मबीर, रामबीर, विजय, वेद प्रकाश, भूपेंद्र, ओम प्रकाश सहित विकास मंच के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन- भिवानी के गांव उमरावत में स्ट्रीट लाईटों के साथ ग्रामीण।