अवैध बजरी परिवहन पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त चालक गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरी से भरी एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शेरपुर हेलीपेड की ओर से बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सवाई माधोपुर की तरफ आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने, रणथम्भौर रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान गणेशधाम की ओर से एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भगाकर रणथम्भौर नेशनल रिसोर्ट की ओर ले गया और बजरी खाली करने लगा। पुलिस टीम ने मौके पर चालक को पकड़ लिया। रवन्ना की जांच करने पर कोई रवन्ना नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में तथा कोतवाली थाना अधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।