चौथ का बरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
12.58 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त
चौथ का बरवाड़ा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस और जिला डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12.58 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि हस्तगंज की झोपड़ी के पास सुनसान स्थान पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मौजूद है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपी के पास से अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनुमान वैष्णव पुत्र मूलदास वैष्णव, उम्र 40 वर्ष, निवासी छोटी पाटक, रमागढ़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में की गई।
Gangapur, Sawai Madhopur | Sep 19, 2026