भैरों बाबा के लक्खी मेले में उमड़ा जनसैलाब, विशाल कुश्ती दंगल में दिखा रोमांच
टोडाभीम उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत करीरी स्थित प्राचीन भैरोजी मंदिर में माई सांते के उपलक्ष्य में शुक्रवार को आयोजित लक्खी मेले में आस्था, परंपरा और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले के अवसर पर ग्राम पंचायत के सौजन्य से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल में राजस्थान के भरतपुर, करौली, दौसा, अलवर, धौलपुर और सवाई माधोपुर सहित दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा अन्य राज्यों के पहलवानों ने भाग लेकर रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए। पहलवानों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। हर दांव-पेंच पर दर्शकों की तालियां और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कुश्ती दंगल को देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अखाड़े के चारों ओर हजारों दर्शकों की भीड़ जमा रही और पूरे दिन लोगों का उत्साह चरम पर रहा। दंगल में उमड़ी भारी भीड़ के कारण मेले का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। बुजुर्ग, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग कुश्ती मुकाबलों का आनंद लेते दिखाई दिए।
वहीं भैरों बाबा के लक्खी मेले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भैरों बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मान्यता के अनुसार भक्त यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और पूर्ण होने पर पुनः दर्शन करने आते हैं।
मेले के दौरान भैरों बाबा को परंपरागत रूप से खीर-पुआ का भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और कुश्ती दंगल के कारण पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।