*जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
*जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के दौरान मंगलाना, गांगवा, खोखर, पीपलाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया निरीक्षण*
डीडवाना-कुचामन, 3 नवम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को जिले की पांच पंचायत समितियों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना व पुलिस अधीक्षक डॉ प्यारेलाल शिवरान ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलाना, गांगवा, खोखर, पीपलाद एवं पीलवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की स्थिति, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बिजली, पेयजल, स्वच्छता, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं से संवाद किया और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।