डिजिटल सुरक्षा का महाअभियान
जिला निवाड़ी में 15 दिवसीय "सेफ क्लिक 2.0" का पीएमश्री कॉलेज में हुआ समापन
--
पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अमित वर्मा के नेतृत्व में जिला निवाड़ी में विगत 24 जून से लगातार संचालित हो रहे 15 दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" का आज 8 जुलाई को समापन किया गया। समापन कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री कॉलेज निवाड़ी में गरिमय व भव्य माहौल में आयोजित हुआ, जिसमें कॉलेज के प्राचार्य डॉ नसीम खान, शिक्षकगण और में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजीत सिंह, उपनिरीक्षक कृष्णा माबई, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप यादव के द्वारा साइबर संबंधी अपराध एवं उनके बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मुख्य रूप से जानकारी दी गई कि आज के डिजिटल दौर में इंटरनेट जितना उपयोगी है, साइबर ठगी का खतरा भी उतना ही बड़ा है। 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान का असली मकसद आपको केवल जागरूक करना नहीं, बल्कि आपको अपने परिवार और समाज का 'साइबर योद्धा' बनाना है। एक जिम्मेदार साइबर योद्धा के रूप में अब यह आपकी ड्यूटी है कि आप अपने घर के बुजुर्गों, महिलाओं और आसपास के लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाएं। सबको समझाएं कि किसी भी लालच देने वाले या अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक डिटेल या पासवर्ड किसी से शेयर न करें। अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को सुरक्षित रखने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर ऑन रखें और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट कतई स्वीकार न करें।
इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान निवाड़ी पुलिस ने केवल औपचारिक कार्यक्रम न करते हुए, इसे एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया। समाज के हर वर्ग, हर संस्थान और हर संवेदनशील स्थल तक पहुँचने के लिए पुलिस टीमों ने दिन-रात एक कर दिया।
पिछले 15 दिनों में आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत विवरण इस प्रकार है:
शासकीय, वित्तीय व सामाजिक संस्थानों में कार्यशाला: पुलिस टीमों ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों, अर्थशास्त्र की संस्थानों, बैंकों और अस्पतालों में जाकर अधिकारी-कर्मचारियों, मरीजों व उपभोक्ताओं को बैंकिंग फ्रॉड के प्रति सचेत किया। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को विशेष रूप से सुरक्षित इंटरनेट यूज और सोशल मीडिया प्राइवेसी के गुण सिखाए गए।
शैक्षणिक संस्थानों व कोचिंग सेंटरों में कवरेज : जिले के सभी प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों और निजी कोचिंग सेंटरों में सघन साइबर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी क्विज, पोस्टर पंपलेट वितरण आदि के जरिए इस संदेश को रचनात्मक रूप से फैलाया गया।
ग्रामीण अंचलों, ग्राम पंचायतों और हाट-बाजारों में चौपाल: ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में विशेष चौपालें लगाई गईं। ग्रामीणों को उनकी ही सरल और स्थानीय भाषा में एटीएम फ्रॉड, लॉटरी के नाम पर होने वाले धोखे और फर्जी कॉल से सावधान रहने के तरीके सिखाए गए। साथ ही, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के केंद्र 'हाट-बाजारों' में जाकर दुकानदारों और खरीदारों को जागरूक किया गया।
सार्वजनिक स्थलों, मुख्य बाजारों व चौराहों पर दस्तक: जिले के प्रमुख बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, मुख्य बाजारों, व्यापारिक केंद्रों और व्यस्त मुख्य चौराहों पर नुक्कड़ सभाएं की गईं। यात्रा कर रहे आम मुसाफिरों, राहगीरों और दुकानदारों को पंपलेट व पोस्टर दिखाकर 'अज्ञात लिंक्स' पर क्लिक न करने की सख्त हिदायत दी गई।
रैली का जोश: युवाओं को इस अभियान की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिले, कस्बों में जागरूकता रैलियां का आयोजन किया गया, जिससे पूरे जिले में इस अभियान की गूंज पहुंची।
विद्यार्थियों को सौंपी कमान, बनाए गए 'साइबर योद्धा'
इस पूरे अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पुलिस विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित कर 'साइबर योद्धा' (Cyber Warriors) के रूप में तैयार किया गया है।
इसी अनुक्रम में थाना पृथ्वीपुर अंतर्गत उप निरीक्षक गौरव राजोरिया के द्वारा शासकीय महाविद्यालय पृथ्वीपुर में छात्र-छात्राओं/शिक्षकों को, थाना टेहरका अंतर्गत ग्राम टेहरका में सहायक उपरीक्षक वेद प्रकाश पटेरिया के द्वारा ग्राम वासियों को एवं चौकी तरीचरकला पुलिस स्टाफ के द्वारा तरीचरकला बाजार में आमजन को, थाना जेरोन अंतर्गत निरीक्षक श्याम सिंह परिहार के द्वारा खेड़ापति मंदिर के पास ग्राम वासियों को साइबर अपराध एवं उनके बचाव के संबंध में जागरूक किया।
निवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील-
" ना दें ओटीपी-पासवर्ड, ना करें अनजान लिंक पर क्लिक;
सतर्क रहकर ही बनेगा, आपका हर एक 'सेफ क्लिक '।"
(नोट: किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।)
CM Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #safeclik #JansamparkMP #niwari