"रक्तदान महादान" : निवाड़ी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित 16 लोगों ने किया रक्तदान
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल झमनानी के मार्गदर्शन में आज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवाड़ी में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और "रक्तदान महादान" के संकल्प को चरितार्थ किया।
शिविर में समाज को प्रेरित करने के लिए खुद प्रशासनिक नेतृत्व और डॉक्टरों ने आगे आकर रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले प्रमुख लोगों में जनपद पंचायत निवाड़ी की सीईओ श्रीमती वंदना कैथल, जनपद पंचायत पृथ्वीपुर के सीईओ श्री दुर्गेश भूमरकर, सीएमएचओ डॉ. अनिल झमनानी और बीएमओ डॉ. आर.सी. मलारया शामिल रहे। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री नंदकिशोर नापित और श्री कमलेश चौरसिया सहित कुल 16 अधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से एकत्रित रक्त आपातकाल में दुर्घटनाग्रस्त मरीजों और गंभीर बीमारों के लिए जीवनदान साबित होता है।
इस गरिमामयी अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल कुमार तलैया, सुश्री स्वाति सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री पुष्पेंद्र प्रजापति सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
CM Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #BloodDonationCamps #JansamparkMP #niwari