झूठे मुकदमे से आंदोलन नहीं रुकेगा" : छात्र नेताओं का बड़ा हमला, निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो मुख्यमंत्री-राज्यपाल तक पहुंचेगा मामला
गया कॉलेज प्रकरण में छात्र नेताओं ने उनके विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। विष्णुपद स्थित एक निजी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने कहा कि संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. शिव जी पांडेय द्वारा रामपुर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाती है।
इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक तथा रामपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर साक्ष्य-आधारित जांच कराने का अनुरोध किया गया है। छात्र नेताओं का दावा है कि घटना के समय वे गया कॉलेज परिसर या उसके आसपास मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गया कॉलेज के प्राचार्य के विरुद्ध कथित प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितताओं की जांच और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाने के कारण उन्हें प्रतिशोध स्वरूप झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि लगभग चार माह पूर्व ही विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका जताई गई थी। छात्र नेताओं ने गया कॉलेज प्रशासन, विशेषकर प्राचार्य की भूमिका की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
#गयाजी
#GayaNews
#gayadastak
#गया_हो
#latestnewsgaya
#gaya
#gayacollegegaya
#MagadhUniversity