सम्भल में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में DM ने दिए कार्यों में तेजी लाने एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश वीडियो को शेयर करने की अपील
बीवी जीराम के कार्यों, मॉडल गौ आश्रय स्थल, तालाबों के निर्माण, श्रमिक पंजीकरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
यूपी के जनपद सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी कार्यालय में विकास कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सर्वप्रथम बीवी जीराम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें तालाबों, गौ आश्रय स्थलों, अन्नपूर्णा भवनों एवं खेल मैदानों आदि से संबंधित कार्यों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एपीओ के माध्यम से इन कार्यों में तेजी लाई जाए तथा आवश्यकतानुसार मस्टर रोल जारी कराकर कार्य प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जो एपीओ कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्हें प्रतिदिन बुलाकर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली जाए तथा एपीओ के कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने मॉडल गौ आश्रय स्थलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मॉडल गौशालाओं में सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बीवी जीराम जी योजना के अंतर्गत भी गौशालाओं में आवश्यक कार्य कराए जाएं। साथ ही चारा एग्रीमेंट के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) से सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। आईसीडीएस विभाग की योजना से संबंधित तालाबों को लेकर भी संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सहायक श्रमायुक्त से कन्या विवाह सहायता योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों तथा शिक्षा सहायता के लिए पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की संख्या की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्र पंचायतों के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की स्थिति एवं उनके विवरण के संबंध में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा श्मशान घाटों तक जाने वाले मार्गों के सुधार एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त पीएम राहत, फार्मर रजिस्ट्री, जननी सुरक्षा योजना, ई-कवच एवं एचआईएमएस पोर्टल पर प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं एवं पोर्टल से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, डिप्टी कलेक्टर अभिमन्यु कुमार, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, सहायक श्रमायुक्त राम लखन पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sambhal, Sambhal | Nov 20, 2026