सम्भल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों में बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त होने पर DM नाराज वीडियो को शेयर करने की अपील
बीमा कंपनी द्वारा प्राप्त 1,023 दावों में 771 किए गए निरस्त, कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए पत्र भेजने के निर्देश
यूपी के जनपद सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी कार्यालय में कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के किसानों द्वारा फसल क्षति के संबंध में प्रस्तुत बीमा दावों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी प्रबोध मिश्रा ने अवगत कराया कि जनपद में इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किसानों की फसलों का बीमा किया जाता है। बीमा कंपनी को कुल 1,023 दावे प्राप्त हुए, जिनमें से 252 दावों को पात्र मानते हुए स्वीकार किया गया, जबकि 771 दावों को निरस्त कर दिया गया। बैठक में बीमा कंपनी द्वारा किए गए सर्वे एवं प्राप्त दावों के निस्तारण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में किसानों के बीमा दावे निरस्त किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि निरस्त किए गए दावों में से कुछ नमूना मामलों (सैंपल केस) का सत्यापन कराया जाए, ताकि दावों को निरस्त किए जाने के कारणों एवं उनकी वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी प्राप्त की कि निरस्त किए गए दावों का पुनः परीक्षण किस प्रक्रिया के तहत कराया जा सकता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बीमा कंपनी द्वारा बड़ी संख्या में दावे निरस्त किए जाने पर गंभीर रुख अपनाते हुए संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने के संबंध में पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्राप्त दावों का निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलक्टर अभिमन्यु कुमार, उप निदेशक कृषि अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी प्रबोध मिश्रा, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।