खेत की जुताई और पैमाइश को लेकर विवाद, ट्रैक्टर चालक ने लेखपाल पर मारपीट का लगाया आरोप
लेखपाल ने आरोपों को नकारा, एसडीएम ने तहसीलदार को सौंपी जांच; रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कंपिल। खेत की जुताई और पैमाइश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लेखपाल और ट्रैक्टर चालक के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। ट्रैक्टर चालक ने लेखपाल और कुछ स्थानीय लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। वहीं लेखपाल ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए डायल 112 पर सूचना देने की बात कही है। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद एसडीएम ने तहसीलदार को जांच सौंप दी है।
ग्राम लखमीदादपुर निवासी श्याम सिंह किराये पर ट्रैक्टर चलाते हैं। उनके चचेरे भाई सचिन के मुताबिक, बुधवार को श्याम सिंह गांव के जागेश्वर के खेत की जुताई करने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान लेखपाल विवेक यादव मौके पर पहुंचे और खेत में जरीब डालकर पैमाइश करने लगे। नापजोख और जुताई को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
सचिन का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लेखपाल विवेक यादव ने इकलहरा गांव के प्रधान जमशेद, डबले सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर श्याम सिंह के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में उनकी नाक और सीने में चोटें आईं तथा मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें सीएचसी कायमगंज लेकर पहुंचे।
वहीं, एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि एक शिकायत की जांच के सिलसिले में लेखपाल विवेक यादव मौके पर गए थे। वहां ट्रैक्टर चालक से कहासुनी और विवाद हुआ। शिकायतकर्ता पक्ष ने लेखपाल पर मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है, जबकि लेखपाल ने मारपीट से इनकार किया है। लेखपाल के अनुसार, उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी, जिसके बाद दूसरा पक्ष मौके से चला गया। उनका कहना है कि ट्रैक्टर चालक को बाद में किसी अन्य कारण से चोट लगी।
एसडीएम ने बताया कि सीएचसी कायमगंज में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद चोट सामान्य बताई गई थी और दवा देकर पीड़ित को घर भेज दिया गया। पूरे मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Kampil #Farrukhabad #Lekपाल #RevenueDepartment #SDM #Tehsildar #UPNews #FarrukhabadNews #कंपिल #लखमीदादपुर #लेखपाल #मारपीट_का_आरोप #खेत_की_पैमाइश #राजस्व_विभाग #प्रशासनिक_जांच #तहसीलदार #स्थानीय_समाचार