हाईवे किनारे मिला 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति का शव, गले में कसा मिला अंगौछा; हत्या की आशंका
दरौंदी मोड़ के पास देर रात मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर ग्राम दरौंदी मोड़ के पास 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले में पीले रंग का अंगौछा कसा मिलने से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाईवे किनारे पड़ा मिला शव
जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बिदैल निवासी स्वर्गीय मेहरवान सिंह के 50 वर्षीय पुत्र रज्जन उर्फ मातादीन का शव 25 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे इटावा-बरेली हाईवे पर दरौंदी मोड़ के पास पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी तेज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ आलोक सिंह और एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आधार और ई-श्रम कार्ड से हुई पहचान
पुलिस की तलाशी में मृतक की जेब से आधार कार्ड और ई-श्रम कार्ड बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी पहचान की गई। ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस शव को जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया लेकर पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर फौती दर्ज की गई। इसके बाद दारोगा अशोक तिवारी ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमीन बेचने की बात कहकर घर से निकला था
परिजनों के मुताबिक, रज्जन तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। उसके बड़े भाई मातादीन की करीब 20 साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद रज्जन ने अपने भाई के नाम से ही दस्तावेज बनवा लिए थे। वह पहले ट्रक पर हेल्पर का काम करता था, लेकिन पिछले तीन वर्षों से अपने भाई जगमोहन और भाभी मीना देवी के साथ रहकर खेती में हाथ बंटा रहा था।
मृतक के भतीजे विकास ने बताया कि चाचा रज्जन पिछले कई दिनों से घर में गाली-गलौज करते थे और नशे की हालत में अपने हिस्से की जमीन बेचने की बात कहते थे। 25 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह कुछ रुपये लेकर दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब 11:30 बजे पुलिस के माध्यम से उनकी मौत की सूचना मिली। भाई जगमोहन के मुताबिक, रज्जन नशे के आदी थे। फिलहाल परिजनों ने किसी पर हत्या का आरोप नहीं लगाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद और संपत्ति सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।