दो शादियों की खुशियों के बीच छाया मातम, सिपाही प्रेमवीर की मौत से परिवार में मचा कोहराम
छुट्टी रद्द होने पर ड्यूटी पर लौटे थे प्रेमवीर, अगले ही दिन गांव पहुंचा शव; पुलिस सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
मोहम्मदाबाद। परिवार में दो शादियों की तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था, रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था। इसी बीच परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी फिरोजाबाद में तैनात सिपाही प्रेमवीर (29) की आकस्मिक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
प्रेमवीर गांव निवासी वैश राम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे थे। वह फिरोजाबाद जिले के थाना अरांव में डाक मुंशी के पद पर तैनात थे। परिवार में 24 और 25 नवंबर को दो शादियां होनी थीं। इनमें शामिल होने के लिए प्रेमवीर 23 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आए थे।
छुट्टी रद्द होने की सूचना पर लौटे थे ड्यूटी
मृतक के भाई श्यामवीर के मुताबिक, 24 नवंबर को परिवार के राजवीर की बेटी वंदना की शादी पखना स्थित एक गेस्ट हाउस में थी, जबकि 25 नवंबर को चाचा रामानंदन की बेटी प्रेमलता की बारात आनी थी। 24 नवंबर की सुबह प्रेमवीर के पास थाने से फोन आया कि उनकी छुट्टी रद्द कर दी गई है और उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटना होगा। इसके बाद वह अपनी कार से फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गए। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे, तभी रात में उनकी मौत की सूचना आ गई।
गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे फिरोजाबाद पुलिस प्रेमवीर का शव लेकर उनके पैतृक गांव नगला मोती पहुंची। शव देखते ही मां सरिता देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रेमवीर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दोनों बड़े भाइयों रामवीर और श्यामवीर तथा चारों बहनों की शादी हो चुकी है।
गांव में मोहम्मदाबाद थाना पुलिस ने दिवंगत सिपाही को शोक सलामी दी। इसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार की दो शादियों के बीच हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
टैग: #Mohammadabad #Farrukhabad #FirozabadPolice #PoliceConstable #PoliceNews #NagalaMoti #UPPolice #FarrukhabadNews #मोहम्मदाबाद #फर्रुखाबाद #फिरोजाबाद #सिपाही_प्रेमवीर #पुलिस_कर्मचारी #शोक_सलामी #नगला_मोती #दुखद_समाचार