कार चालक को घेरकर ग्रामीणों ने जमीन पर गिराया, लात-घूंसों से की पिटाई; वीडियो वायरल
नवाबगंज। सलेमपुर गांव के पास मंगलवार को अनियंत्रित कार की टक्कर से महिला की मौत और चार लोगों के घायल होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। चालक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ग्रामीणों की भीड़ कार चालक को चारों तरफ से घेर लेती है। इसके बाद लोग उसके साथ मारपीट करने लगते हैं। कुछ लोग चालक को जमीन पर गिराकर लातों से मारते नजर आ रहे हैं। भीड़ के बीच चालक खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
बताया गया कि नवाबगंज-अचरा मार्ग पर सलेमपुर गांव के पास नया गनीपुर निवासी सगीर खान की कार अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मारने के बाद एक मकान में जा घुसी थी। हादसे में 42 वर्षीय संतोषी देवी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और कार चालक को हिरासत में ले लिया।