समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आज दिनांक- 17.09.2026 को स्थानीय गॉंधी भवन में गरीब, वंचित एवं दिव्यांगजनों के सहायतार्थ एक विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री श्रीमती श्वेता गुप्ता ने की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और हाशिए पर खड़े लोगों को आत्मनिर्भर जीवन जीने में मदद कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना था।
कार्यक्रम में शिवहर की जिलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह, उप विकास आयुक्त श्री संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री प्रेम सागर मिश्रा, निदेशक (एनईपी) श्री हरिमोहन कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती किसलय शर्मा, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक श्री ब्रज भूषण कुमार, और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की सहायक निदेशक सुश्री शुभांगी सिंह सहित जिला स्तरीय कई पदाधिकारी एवं जिला बीस सूत्री कमिटी के उपाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर माननीय मंत्री एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों के हाथों विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ सीधे तौर पर लाभुकों के बीच बांटे गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
1. बैट्री चालित ट्राइसाइकिल: 50 दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा हेतु बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
2. सहायक उपकरण: उज्ज्वल दृष्टि योजना के तहत 53 बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मा, 21 दृष्टिबाधित व्यक्तियों को ब्लाइंड किट, 3 लाभार्थियों को श्रवण यंत्र और 1 लाभार्थी को स्मार्ट केन उपलब्ध कराया गया।
3. विवाह अनुदान: अंतर्जातीय एवं निःशक्तजन विवाह योजना के तहत 2 लाभुकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) प्रमाण-पत्र सौंपे गए।
4. पेंशन व आर्थिक सहायता: वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजना से जोड़ते हुए 3 नए लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। साथ ही, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 3 आश्रितों को एकमुश्त आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
5. माननीय मंत्री जी के द्वारा अन्नप्रासन कार्यकर्म में भाग लेते हुए एक बच्चे को अन्न ग्रहण कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्रीमती श्वेता गुप्ता ने कहा कि सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा, "ऐसे विशेष शिविरों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना और उन्हें समाज में एक सम्मानजनक और आत्मनिर्भर स्थान दिलाना है।"
Sheohar, Bihar | Sep 17, 2026