उत्सव गारमेंट्स में लगी भीषण आग, जेसीबी से खुलवाया शटर
फायर ब्रिगेड के नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, समरसेबल से आग बुझाने का किया प्रयास
हीरागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज बाजार में बुधवार शाम उत्सव गारमेंट्स नामक कपड़े की दुकान में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकान की ऊपरी मंजिल से शुरू हुई आग देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान में फैलने लगी। आग की लपटें उठती देख दुकानदार बाहर निकल आए। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन उसके मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों ने जेसीबी मंगवाई और उसकी मदद से दुकान के शटर का ताला तुड़वाया। शटर खुलते ही दुकान के अंदर से आग की लपटें तेजी से उठने लगीं। इसके बाद भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन और व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव ने आसपास के दुकानदारों के समरसेबल से पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर महेशगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार गौतम भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई