हत्या के बदले हत्या; पुराने हत्या के विवाद में युवक की कार चढ़ाकर हत्या, भाई ने भागकर बचाई जान
सेमरा बुजुर्ग के पास दिया वारदात को अंजाम, मौके पर पहुंचे एसपी, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम सेमरा बुजुर्ग गांव के पास पुराने विवाद के चलते 35 वर्षीय परम उर्फ चिक्कू यादव की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर धारदार हथियारों से हमला कर युवक पर कार चढ़ा दी। मृतक का भाई भी मौके पर मौजूद था, जिसने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक गढ़ाकोटा निवासी परम यादव पेशे से किसान था। घटना के सम्बद्ध मे छोटे भाई अनिल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार सागर जिले के टड़ा गांव में अपने जीजा के निधन के बाद वहां रुका था। रविवार को सभी दमोह लौट रहे थे। सेमरा बुजुर्ग के पास आरोपियों ने परम की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद हमला कर कार चढ़ा दी। भाई के अनुसार, पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव ने वारदात को अंजाम दिया।
अनिल ने आरोप लगाया कि दोनों परिवारों के बीच पहले हुई हत्या को लेकर पुरानी रंजिश थी। आरोपियों के परिजनों ने बदला लेने की धमकी भी दी थी। और इस वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद घायल परम को 108 एंबुलेंस से पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही शाम 7 बजे एसपी आनंद कलादगी पथरिया पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। घटना के सम्बद्ध मे पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया मामला संदिग्ध परिस्थितियों का है। जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। बहरहाल शव को सुरक्षित शव ग्रह में रखवाया गया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है। जहां पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Oct 18, 2026