कबीर जैसे संतों की वाणी और उनके विचार समाज को सही दिशा देते हैं : प्रशांत अग्रवाल
@followers @top fans News 24 Udaipur Narayan Seva Sansthan
#udaipur #viralpost #nonfollowers
उदयपुर, 15 नवंबर। नारायण सेवा संस्थान के सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित 'अपनों से अपनी बात' कार्यक्रम में संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने संत कबीर के जीवन दर्शन एवं उनकी शिक्षाओं पर आधारित कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा में कबीर के जीवन प्रसंगों, दोहों और विचारों के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, समानता, आत्मचिंतन और सच्ची भक्ति का संदेश दिया गया। अग्रवाल ने कहा कि कबीर की वाणी केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही नहीं देती, बल्कि मनुष्य को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है।
उन्होंने बताया कि संत कबीर पंद्रहवीं सदी के महान संत एवं समाज सुधारक थे। उन्होंने मेहनत की कमाई, संतोष और परोपकार को जीवन का आधार बनाया। उनका दोहा 'साईं इतना दीजिए, जा में कुटुम समाय' सीमित आवश्यकताओं में संतुष्ट रहते हुए दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देता है। कबीर ने मनुष्य को दूसरों की कमियां देखने के बजाय स्वयं के भीतर झांकने की सीख दी। 'बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय' के माध्यम से उन्होंने आत्मचिंतन का महत्व समझाया, वहीं 'निंदक नियरे राखिए' कहकर आलोचना करने वालों को भी अपनी कमियां सुधारने का माध्यम बताया।
कथा में कबीर की भक्ति संबंधी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर और दिखावे में नहीं, बल्कि मन की पवित्रता, प्रेम और विनम्रता में निहित है। उन्होंने जाति-पाति और ऊंच-नीच का विरोध करते हुए मनुष्य की पहचान उसके ज्ञान और कर्मों से करने का संदेश दिया। साथ ही सच्चे गुरु की पहचान के लिए विवेक और परख को आवश्यक बताया।
अग्रवाल ने कबीर की वाणी में दया, क्षमा, मधुर व्यवहार और धैर्य के महत्व को भी रेखांकित किया। 'ऐसी वाणी बोलिए, मन का आपा खोय' के माध्यम से मधुर वाणी का महत्व समझाया, वहीं 'धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय' के जरिए धैर्य और निरंतर प्रयास का संदेश दिया।
कथा के दौरान कबीर और संत रामानंद से जुड़े गुरु प्राप्ति प्रसंग, चक्की और उनके पुत्र कमाल के संवाद तथा काशी से मगहर जाने की घटना का वर्णन किया गया। उनके जीवन से जुड़ी फूल और चादर की कथा के माध्यम से हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश भी दिया गया।
अग्रवाल ने कहा कि संतों की वाणी और उनके विचार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। कबीर की शिक्षाएं हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सेवा, विनम्रता और मानवता को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती हैं। समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है, जब हम इन शिक्षाओं को केवल सुनें नहीं, बल्कि अपने व्यवहार में भी उतारें। कार्यक्रम में संस्थान से लाभान्वित दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों ने भी कथा का श्रवण किया।
Girwa, Udaipur | Nov 15, 2026