राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिलेभर में निकाली गई पोषण रैली, लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति किया गया जागरूक
छपरा 10 सितंबर 2026
सारण जिले में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आज जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में पोषण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह का वर्चुअल उद्घाटन कल दिनांक 09 सितंबर 2026 को किया गया था। यह पोषण माह 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित पोषण रैली के माध्यम से आमजनों, महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान प्रोटीन एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के सेवन, बच्चों के समुचित पोषण तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बताया गया कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण अत्यंत आवश्यक है। दैनिक आहार में दाल, अनाज, हरी एवं मौसमी सब्जियां, फल, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, अंडा तथा अन्य पोषक एवं प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जिले में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुपोषण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Saharsa, Bihar | Sep 10, 2026