*मांझी प्रखंड में मिशन कायाकल्प के तहत विकास योजनाओं के चयन को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक*
=================
छपरा 10 सितंबर 2026
=================
जिला पदाधिकारी, सारण *श्री वैभव श्रीवास्तव* की अध्यक्षता में आज मांझी प्रखंड में मिशन कायाकल्प के तहत विकास योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में *मांझी प्रखंड की सभी पंचायतों से प्राथमिकता के आधार पर 15-15 योजनाओं* के चयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि ऐसी योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चयन किया जाए, जिन्हें 15वें एवं 16वें वित्त आयोग, मनरेगा सहित संबंधित विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कराया जा सके तथा निर्धारित समय-सीमा में, विशेष रूप से दीपावली तक, पूर्ण कराया जा सके।
मिशन कायाकल्प के तहत पंचायतों में विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, विद्यालयों की चारदीवारी, रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क एवं पहुंच पथ सहित स्थानीय स्तर पर आवश्यक अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर शामिल किए जाने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। जिला पदाधिकारी ने सभी सुझावों को समेकित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, मांझी को पंचायतवार आवश्यक डाटा अद्यतन करने, प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को चिन्हित करने तथा संबंधित योजनाओं का प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया, ताकि पात्र योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मिशन कायाकल्प के अंतर्गत योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकता, उपयोगिता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा चयनित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
Saharsa, Bihar | Sep 10, 2026