सेफ क्लिक 2.0' अभियान: डिंडौरी की ग्राम पंचायतों में लगी साइबर चौपाल, ग्रामीणों को बताए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
डिंडौरी, डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से डिंडौरी पुलिस द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के तहत रविवार को जिले की ग्राम पंचायतों में साइबर चौपाल आयोजित की गई। अभियान के पांचवें दिवस ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में सरपंच, सचिव, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक शामिल हुए।
साइबर चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं टास्क फ्रॉड जैसे तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। साथ ही सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, संबंधित बैंक को तुरंत सूचना देकर खाता या यूपीआई ब्लॉक कराएं तथा स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन आईडी जैसे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया गया। डिंडौरी पुलिस ने अभियान के माध्यम से ग्राम स्तर तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाते हुए नागरिकों से सतर्क और जागरूक डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण करना है।
#SafeClick20 #CyberAwareness #DindoriPolice #CyberSecurity #StopCyberFraud #DigitalSafety #MPPolice #CyberCrime #SafeDigitalIndia #Dindori #DigitalAwareness #BreakingNews #ViralNews #StayAlertStaySafe