डिंडौरी पुलिस की डिजिटल पहल: ई-विवेचना टैबलेट से अपराध अनुसंधान होगा तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित
डिंडौरी, मध्यप्रदेश पुलिस अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में डिंडौरी पुलिस ने जिले में ई-विवेचना (e-Vivechana) टैबलेट प्रणाली का शुभारंभ किया है। इस डिजिटल पहल से विवेचना कार्य अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगा, वहीं पुलिसिंग में गुणवत्ता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे की उपस्थिति में कोतवाली डिंडौरी में ई-विवेचना टैबलेट का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था के माध्यम से विवेचना अधिकारी घटनास्थल से ही डिजिटल केस डायरी तैयार कर सकेंगे तथा फोटो, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य तत्काल सुरक्षित रूप से अपलोड कर पाएंगे।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले को कुल 116 ई-विवेचना टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। प्रथम चरण में थाना कोतवाली डिंडौरी को 25, शाहपुर थाना को 9 तथा समनापुर थाना को 12 टैबलेट वितरित किए गए हैं। आगामी चरणों में शेष टैबलेट जिले के अन्य थाना एवं चौकियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
नई डिजिटल व्यवस्था के तहत जप्ती पंचनामा, गिरफ्तारी पंचनामा, अपराध विवरण प्रपत्र, एमएलसी एवं पोस्टमार्टम दस्तावेज सहित अधिकांश विवेचना संबंधी कार्य मौके पर ही ऑनलाइन तैयार किए जा सकेंगे। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के अनुरूप नोटिस जारी करने एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन मॉनिटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
डिंडौरी पुलिस का मानना है कि ई-विवेचना प्रणाली से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, साक्ष्यों का वैज्ञानिक संरक्षण सुनिश्चित होगा तथा अपराध अनुसंधान की गति और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह पहल डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत बनाने और आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#DindoriPolice #eVivechana #DigitalPolicing #SmartPolice #MPPolice #CrimeInvestigation #DigitalIndia #BNSS #MadhyaPradesh #Dindori #PoliceTechnology #GoodGovernance #BreakingNews #ViralNews