### झारखंड के 3,044 युवाओं को मिला रोजगार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 500 युवाओं को UAE में मिलेगी नौकरी
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के मार्गदर्शन में Pan IIT Alumni Foundation ने युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया है। अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच गुरुकुल, ITI और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से कुल 3,044 युवाओं को प्रशिक्षित कर प्लेसमेंट दिलाया गया।
कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार, नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षण प्राप्त 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज से 746 और ITI कौशल कॉलेज से 284 युवा शामिल हैं। इनमें लगभग 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में नौकरी करने का अवसर मिलने जा रहा है।
### युवाओं को AI तकनीक से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में प्रेझा फाउंडेशन और IIT मद्रास की पहल 'Pravartak - AI for All' के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप तैयार करना और उनके कौशल को विकसित करना है।
### हुनर और शिक्षा से मजबूत होगा युवाओं का भविष्य: हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार युवाओं के कौशल का विकास करना और उनके हुनर को निखारना जरूरी है, ताकि वे अपने बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि आज AI का दौर वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि हुनर और तकनीकी ज्ञान भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे समाज में शिक्षा की शुरुआत काफी देर से हुई है। इसलिए आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को अपनी गति बढ़ानी होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज के लोगों को भी शिक्षा, कौशल और रोजगार के महत्व के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि आज का दिन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में वे कई जिम्मेदारियों और दायित्वों से जुड़ेंगे। इन जिम्मेदारियों को मजबूती से निभाने के लिए उनका अपने पैरों पर खड़ा होना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
#HemantSoren #JharkhandNews #JharkhandJobNews #JharkhandEmployment #JobAlert #GovernmentJobs #JobPlacement #3044Youth #UAEJobs #DubaiJobs #SkillDevelopment #YouthEmployment #RojgarNews #JharkhandUpdates #RanchiNews #PrajaFoundation #IITMadras #AIForAll #EmploymentNews #JharkhandSarkar #HemantSorenGovernment #झारखंड_न्यूज #झारखंड_रोजगार #हेमंत_सोरेन #नियुक्ति_पत्र #रोजगार_समाचार
#BreakingNews #LatestNews #TrendingNews #ViralNews #FacebookNews #IndiaNews