मगध कोल ब्लॉक में अवैध कोयला भंडारण पर CISF और पुलिस की कार्रवाई, 40 टन कोयला जब्त
#चतरा/#टंडवा: झारखंड के चतरा और लातेहार जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में कोयले के अवैध कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और झारखंड पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मगध कोल परियोजना के बुकरू रेलवे साइडिंग के पास हैही गांव में अवैध रूप से जमा करीब 40 मीट्रिक टन कोयला बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि मगध कोल ब्लॉक क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने टंडवा थाना क्षेत्र और लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में छापेमारी की।
इस अभियान का नेतृत्व सीआईएसएफ के उप कमांडेंट केके वानखेम और झारखंड पुलिस के उपनिरीक्षक अनुभव सिन्हा ने किया। जांच के दौरान बुकरू रेलवे साइडिंग के पास हैही गांव में करीब 40 मीट्रिक टन अवैध रूप से जमा कोयला मिला। बरामद कोयले को सीसीएल के मगध प्रबंधन को सौंप दिया गया है।
सीआईएसएफ के उप कमांडेंट केके वानखेम ने बताया कि इस कार्रवाई में सीआईएसएफ और झारखंड पुलिस के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग देखने को मिला है। मगध और आम्रपाली कोयला क्षेत्र में सीआईएसएफ की तैनाती का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और कोयले की चोरी व अवैध कारोबार पर रोक लगाना है।
उन्होंने कहा कि कोयले के अवैध कारोबार और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और खनन विभाग के साथ मिलकर ऐसे मामलों पर नजर रखी जा रही है। अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीआईएसएफ ने साफ किया है कि कोयले के अवैध कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।
#JharkhandNews #ChatraNews #TandwaNews #LateharNews #CoalSmuggling #CISF #JharkhandPolice #MagadhCoalBlock #CoalRaid #IllegalCoalStorage #CoalMafia #40TonCoalSeized #CCL #BreakingNews #LatestNews #JharkhandUpdate #ChatraPolice #ViralNews #JharkhandTrending #GanadeshNews