अघोषित बिजली कटौती से रुधौली बेहाल, विधायक ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग, लो-वोल्टेज वाले इलाकों में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने पर दिया जोर
बस्ती। विधानसभा क्षेत्र 309-रुधौली समेत जनपद में पिछले कई सप्ताह से जारी अघोषित विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर रुधौली विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। विधायक ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता (वितरण) को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने की मांग की।
ज्ञापन में विधायक ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे व्यापारियों के कारोबार और आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार शहरी क्षेत्रों में करीब 22 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का प्रावधान है, लेकिन रुधौली, भानपुर, असनहरा, बघौड़ी, दसिया, गाउखोर और बाघनगर समेत कई विद्युत उपकेंद्रों से अपेक्षाकृत कम आपूर्ति की शिकायतें मिल रही हैं।
विधायक के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में महज 8 से 10 घंटे तथा शहरी क्षेत्रों में करीब 12 से 14 घंटे बिजली मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। रात के समय होने वाली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लो-वोल्टेज की समस्या पर भी गंभीरता
ज्ञापन में विधायक ने लो-वोल्टेज की समस्या को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने लो-वोल्टेज वाले स्थानों को चिन्हित कर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और विद्युत नेटवर्क को मजबूत करने की मांग की।
विधायक ने भीषण गर्मी के बीच बुजुर्गों, बच्चों, विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों की परेशानियों का हवाला देते हुए अघोषित कटौती पर प्रभावी रोक लगाने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुरूप नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।
Basti, Basti | Sep 16, 2026