*हेडलाइन - बस्ती DM ने बैड़वा समय माता मंदिर विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा के दिए निर्देश*
*जनपद बस्ती, 20 अक्टूबर 2026* दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने तहसील भानपुर अंतर्गत मां बैड़वा समय माता मंदिर क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन कुंड की गहराई, पानी की उपलब्धता, घाटों की स्थिति और आने-जाने वाले मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग, लाइटिंग, गोताखोरों की तैनाती और पुलिस बल की मौजूदगी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए पहले से रूट प्लान तैयार किया जाए और क्रेन व अन्य संसाधनों को मौके पर उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने नगर पंचायत और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इस दौरान उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 20, 2026