973 स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की दी गई जानकारी
जहानाबाद : स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत बुधवार को जिले में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर ‘सम्मान के साथ सुरक्षा’ शिविर का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य से जुड़े 973 कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर के दौरान स्वच्छता कर्मियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता और कार्य के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। कर्मियों को सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने तथा पीपीई किट का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
उन्हें दस्ताने, मास्क, जूते सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के नियमित इस्तेमाल के महत्व के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि गांवों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके योगदान को सम्मान देना और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। शिविर के माध्यम से ‘स्वच्छता कर्मियों का सम्मान और उनकी सुरक्षा, स्वच्छ समाज की पहचान है’ का संदेश दिया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य कर्मियों में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में उनके योगदान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।